VISITORS

0 0 7 8 2 0

May 26, 2026 4:13 am

+91 8878812345

Explore

Search

May 26, 2026 4:13 am

रात्रि चौपाल में कलेक्टर ने सुनी समस्या

(शब्द अग्नि) सीमान्त राव बन्सोड़

बालाघाट – जिले के कलेक्टर मृणाल मीना ने गुरुवार 22 मई को लालबर्रा विकासखंड के ग्राम कनकी में रात्रिकालीन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। चौपाल में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सराफ, वारासिवनी एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के खंड एवं ग्राम स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

चौपाल की शुरुआत में ग्राम पंचायत कनकी के सरपंच श्री दुर्गा प्रसाद पगरवार ने गांव की प्रमुख समस्याओं को सामने रखा। उन्होंने बताया कि गांव के आधे हिस्से को धपेरा फीडर और शेष हिस्से को गर्रा फीडर से बिजली आपूर्ति होने के कारण नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा बांडा तालाब की भूमि का सीमांकन नहीं होने, नहरों की सफाई नहीं होने, रेत खदान से ग्रामीणों को रेत नहीं मिलने तथा नल-जल योजना का पानी आवास टोला तक नहीं पहुंचने जैसी समस्याएं बताई।

कलेक्टर श्री मीना ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली और समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री ने 15 दिनों के भीतर बिजली फीडर संबंधी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। वहीं पीएचई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लवादा की पानी टंकी में क्षमता अनुसार जल भंडारण नहीं होने से पेयजल संकट उत्पन्न हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को बांडा तालाब की नहरों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।

ग्रामीणों ने पानी निकासी के लिए सड़क किनारे नाली निर्माण की मांग रखी। इस पर पंचायत सचिव को जेसीबी मशीन से नाली खुलवाने की कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं कनकी के बंजारी आवास टोला में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र नहीं होने की समस्या पर कलेक्टर ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत बच्चों के लिए वैकल्पिक शाला व्यवस्था करने तथा आंगनवाड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

चौपाल में खाद्यान्न पात्रता पर्ची और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर श्री मीना ने स्पष्ट किया कि अपात्र लोगों के नाम सूची से हटने के बाद पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न पर्ची जारी की जाएगी। वहीं जिन लोगों के नाम आवास प्लस सर्वे सूची में शामिल हो चुके हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा।

कृषि एवं पशुपालन विभाग से संबंधित समस्याओं पर अधिकारियों ने ग्रामीणों को जानकारी दी। कृषि विभाग ने किसानों को मिट्टी परीक्षण सुविधा का लाभ लेने की अपील की, जबकि पशुपालन विभाग ने बताया कि मादा पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान एवं सेक्स सॉर्टेड सीमेन सुविधा के लिए पशुपालक टोल फ्री नंबर 1962 पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।

कलेक्टर श्री मीना ने पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, कृषि विस्तार अधिकारी, पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, एएनएम तथा पंचायत स्तर के अन्य कर्मचारियों की ग्राम पंचायत में उपलब्धता का साप्ताहिक शेड्यूल पंचायत भवन में चस्पा करने के निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान स्वामित्व योजना के तहत गोपाल नखाते के नाम से दो पट्टे जारी होने का मामला भी सामने आया। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम को एक पट्टा निरस्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने चौपाल में प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का अब जल्द समाधान होगा।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर