मुस्लिम पक्ष ने सरकारी इमामबाड़े की चाबी पीडब्ल्यूडी को सौंपी
शब्द अग्नि / राघवेन्द्र रघुवंशी धार। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप मोहर्रम पर्व के लिए पांच दिनों तक खोले गए सरकारी इमामबाड़े की निर्धारित अवधि समाप्त होते ही ताजिया कमेटी ने बुधवार को प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में इमामबाड़े पर विधिवत ताला लगाकर उसकी चाबी पीडब्ल्यूडी विभाग को सौंप दी। न्यायालय के आदेश का पूरी तरह पालन करते हुए इमामबाड़ा पूर्ववत स्थिति में प्रशासन को वापस सौंपा गया।
22 जुलाई को हाईकोर्ट में होगी अगली सुनवाई
ज्ञात हो कि उक्त इमामबाडे का मामला हाई कोर्ट में विचाराधीन है मांमले में अब अगली सुनवाई 22 जुलाई 2026 को माननीय उच्च न्यायालय में होगी प्रशासन ने इमामबाड़े के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी एवं सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पांच दिन की अनुमति मिली थी
न्यायालय ने सरकारी इमामबाड़े को केवल सरकारी ताजिए के निर्माण एवं मोहर्रम पर्व के आयोजन के लिए सीमित अवधि के लिए खोलने की अनुमति दी थी। साथ ही परिसर में किसी प्रकार के स्थायी निर्माण या मूल स्वरूप में बदलाव पर रोक लगाई गई थी।
ताजिया कमेटी के सदर मोहम्मद सिद्दीकी ने बताया कि उच्च न्यायालय के सभी निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए इमामबाड़ा उसी स्थिति में प्रशासन को वापस सौंप दिया गया, जिस स्थिति में प्राप्त हुआ था। उन्होंने शासन, प्रशासन, पुलिस एवं शहरवासियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।
Author: Shabd Agni
.