डिलीवरी बॉय बनकर आए बदमाश शराब कारोबारी का नकदी से भरा बैग लेकर फरार पुलिस जुटीं जॉच में
शब्द अग्नि / रतलाम शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े करीब 40 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना विगत 29 जून की है लेकिन इसकी शिकायत 3 दिन बाद की गई है बदमाश डिलीवरी बॉय की वर्दी पहनकर पहुंचे और नकदी से भरा बैग छीनकर स्कूटी से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने लूट एवं जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
शराब कलेक्शन का था पैसा
पुलिस के अनुसार, कारोबारी मनीष पटवा के पास बैंक अवकाश के कारण 25 से 28 जून के बीच शराब बिक्री से प्राप्त लगभग 40 लाख रुपये सुरक्षित रखने के लिए भेजे गए थे। 29 जून को उनके कर्मचारी फरदीन और उसके पिता फिरोज नकदी की गिनती कर बैग लेकर घर की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान डिलीवरी बॉय जैसी वर्दी पहने और चेहरे पर कपड़ा बांधे एक बदमाश वहां पहुंचा। उसने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी और नकदी से भरा बैग छीन लिया। बाहर पहले से स्कूटी पर इंतजार कर रहे साथी के साथ वह मौके से फरार हो गया। कर्मचारियों ने पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।
घटना सीसीटीवी में कैद
घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। कारोबारी की शिकायत पर स्टेशन रोड थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है। घटना के समय कारोबारी के मित्र गौरव शर्मा उज्जैन में थे। उनके लौटने के बाद पुलिस को औपचारिक शिकायत दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
हवाला से जुड़े होने का अंदेशा
पीड़ित कारोबारी का नाम हवाला कारोबार से भी जोड़ा जा रहा है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।
**(
Author: Shabd Agni
.