VISITORS

0 1 7 0 1 6

July 15, 2026 5:13 pm

+91 8878812345

इंदौर : नाले में गिरी थार, सड़को पर भरा पानी

दोपहर से देर रात तक गिरा पानी
शब्द अग्नि / इंदौर में बीते कुछ दिनों से थमा हुआ मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। बुधवार की सुबह हालांकि मौसम पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप के कारण दिनभर लोग गर्मी और भारी उमस से हलाकान होते रहे लेकिन शाम होते-होते अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में काले बादलों का डेरा जमा हो गया। इसके बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में तेज बौछारों के साथ मूसलाधार बारिश का सिलसिला शुरू हो गया।

2 इंच बारिश हुई
इस अचानक हुई तेज बारिश के कारण नगर निगम के दावों की पोल खुल गई और शहर के वार्ड क्रमांक 80 में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई, जहां कई दुकानों के भीतर बारिश का पानी घुस जाने से व्यापारियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही शहर के कई प्रमुख मार्गों और रिहाइशी इलाकों की सड़कें पूरी तरह से जलमग्न नजर आईं। मौसम विभाग के मुताबिक आज दिनभर में इंदौर में 2 इंच से ज्यादा पानी गिरा है।
थार गाड़ी नाले में गिरी, स्थानीय लोगो ने बचाई परिवार की जान
इस झमाझम बारिश के दौरान शहर में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चंदन नगर थाने से लकड़ी पीठे की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बाढ़ जैसी स्थिति के कारण एक थार गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरी। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त गाड़ी के भीतर एक पूरा परिवार सवार था जो पानी के तेज बहाव में फंस गया। गनीमत यह रही कि दुर्घटना को देखते ही आस-पास की बस्ती के लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और उन्होंने अपनी सूझबूझ व भारी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके अलावा शहर के जोन 22 के अंतर्गत आने वाले निर्माणाधीन निपानिया मुख्य मार्ग पर भी अव्यवस्था का आलम देखने को मिला, जहां महज 100 मीटर की दूरी के भीतर दो कारें कीचड़ और पानी में फंस गईं। इन गाड़ियों में बैठे परिवार काफी देर तक मूसलाधार बारिश के बीच प्रशासन या किसी मददगार के आने का इंतजार करते हुए दिखाई दिए।
Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर