“सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत संजीवनी नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक
शब्द अग्नि / एजाज मंसूरी
बड़वानी। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित *”सेफ क्लिक 2.0″* साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के कुशल निर्देशन में जिलेभर में 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में आज दिनांक 02 जुलाई 2026 को बड़वानी शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर संजीवनी नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए गए। विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से संदेश दिया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी प्रकार की संदिग्ध APK फ़ाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें तथा बैंक खाता, एटीएम पिन, सीवीवी, ओटीपी, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी ऑफर, इनाम, लोन, नौकरी, केवाईसी अपडेट, डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य प्रलोभनों या डर का सहारा लेकर लोगों से ठगी करते हैं। ऐसे मामलों में सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।
Author: Shabd Agni
.