अजनार नदी पुल की मरम्मत से यातायात रहा प्रभावित
शब्द अग्नि इंदौर । मानपुर/गुजरी। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भेरूघाट क्षेत्र में अजनार नदी पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी कई किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। पुल की एक लेन बंद होने और मरम्मत के दौरान वाहनों के गलत दिशा से गुजरने के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। हजारों वाहन चालक और यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे। जाम की स्थिति एक ओर मानपुर, भेरूघाट होते हुए कुवाली तक और दूसरी ओर लेबड़-रतलाम मार्ग पर बागड़ी व लेबड़ तक पहुंच गई। शाम होते-होते वाहनों की लंबी कतार गणपति घाट तक दिखाई दी।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकृष्ण, एसडीओपी ललित सिंह सिकरवार और मानपुर थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेंद्र वर्मा ने भी अजनार नदी पुल का निरीक्षण कर अधिकारियों से यातायात व्यवस्था की जानकारी ली।
पूल में कंपन के कारण भारी वाहनों की आवाजाही रोकी गई
मरम्मत के दौरान पुल पर भारी वाहनों के गुजरने से कंपन महसूस होने पर प्रशासन ने कुछ समय के लिए भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी। इसके बाद एनएचएआई ने पुल पर डिफेंडर जॉइंट लगाने का कार्य पूरा कर यातायात दोबारा शुरू कराया।
आम से भरा ट्रक रास्ते पर पलटा
इसी दौरान इंदौर की ओर जा रहा आम से भरा एक ट्रक सड़क पर खड़े वाहन से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा और ट्रक हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
4 जुलाई तक सामान्य होने की उम्मीद
फिलहाल पुलिस ने यातायात डायवर्ट कर दिया है। खलघाट से इंदौर जाने वाले वाहनों को धार फाटा-बागड़ी-मानपुर मार्ग से निकाला जा रहा है। मानपुर, धामनोद और किशनगंज पुलिस के साथ एनएचएआई की टीम, एंबुलेंस, क्रेन, पेट्रोलिंग एवं रेस्क्यू दल 24 घंटे मौके पर तैनात हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि मरम्मत कार्य तय समय पर पूरा हुआ तो 4 जुलाई तक दोनों दिशाओं में यातायात सामान्य होने की उम्मीद है।
Author: Shabd Agni
.