दूल्हे ने दुल्हन को उठाया गीड़ि में रोमांटिक पल ने जीता लोगों का दिल
शब्द अग्नि / इंदौर शहर में लगातार हो रही बारिश ने जहां आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं एक नवविवाहित जोड़े के लिए यही बारिश जिंदगी भर की याद बन गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दूल्हा अपनी दुल्हन को गोद में उठाकर पानी से भरे रास्ते से गुजरता दिखाई दे रहा है। इस भावुक और खूबसूरत पल ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
घुटनों तक भरे पानी में दूल्हे ने निभाया साथ
बताया जा रहा है कि शादी समारोह के दौरान हुई तेज बारिश से विवाह स्थल और मंडप के आसपास घुटनों तक पानी भर गया। विदाई का समय आने पर दुल्हन का लहंगा पानी में खराब न हो, इसलिए दूल्हे ने बिना देर किए उसे अपनी गोद में उठा लिया और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। वहां मौजूद लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
बारिश में भी पूरे हुए सात फेरे
बारिश के बावजूद शादी की सभी रस्में पूरी की गईं। मंडप के चारों ओर पानी जमा था, लेकिन परिवार और मेहमानों की मौजूदगी में दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए। बताया जा रहा है कि फेरे के दौरान भी दूल्हे ने दुल्हन का विशेष ध्यान रखा और जलभराव के बीच उसे गोद में उठाकर मंडप तक पहुंचाया। शादी के बाद भी दोनों के चेहरे पर मुस्कान बनी रही और उन्होंने इस पल को खुशी से यादगार बना लिया।
मेहमानों को भी उठानी पड़ी परेशानी
बारिश के कारण विवाह समारोह में पहुंचे मेहमानों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग कपड़े और जूते बचाते हुए भोजन स्थल तक पहुंचे, जबकि कुछ स्थानों पर पानी इतना भर गया कि जूते-चप्पल तक पानी में तैरते नजर आए।
वायरल वीडियो के साथ उठे व्यवस्था पर सवाल
यह वीडियो जहां एक ओर दूल्हे की संवेदनशीलता और प्यार की मिसाल के रूप में पसंद किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर में बारिश के बाद हुए जलभराव ने नगर निगम की मानसून पूर्व तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही बारिश में कई इलाकों में पानी भरने की स्थिति ने लोगों को परेशानी में डाल दिया और शहर की व्यवस्थाओं पर चर्चा तेज हो गई है।
Author: Shabd Agni
.