16 लाख के जेवर बरामद, कोतवाली पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा, दो फरार बदमाशों की तलाश जारी
शब्दअग्नि मुस्तकीम नगर
आलीराजपुर,कोतवाली थाना पुलिस ने जिले में दीवार खोदकर नकबजनी की सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने वाली एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है। गैंग के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के बड़ाउंडवा, उंडवा, खरखड़ी, कवठू और पुलिस लाइन बोरखड़ सहित विभिन्न स्थानों पर घरों की दीवारें खोदकर नकदी और जेवर चोरी किए जाने की शिकायतें दर्ज हुई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल एवं एसडीओपी डॉ. शक्तिसिंह चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल के निरीक्षण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने जितेंद्र चौहान, मोहन चौहान और आयुष चौंगड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी रमेश और एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर उंडवा, खरखड़ी, कवठू तथा पुलिस लाइन बोरखड़ में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।
जांच के दौरान चोरी का माल खरीदने वाले दिव्यांशु सोनार, लक्की चौहान और प्रेम उर्फ अमीष गोराना को भी गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से सोने की अंगूठी, चेन, टॉप्स, झुमकी, मंगलसूत्र सहित बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से हत्या, चोरी, नकबजनी, लूट और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। फरार आरोपी रमेश एवं उसके साथी की तलाश जारी है तथा शेष चोरी का माल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले सहित कोतवाली पुलिस टीम और साइबर सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही
Author: Shabd Agni
.