शादी का दबाव बना रहा था आरोपी, इनकार पर गला घोंटा और सबूत मिटाने के लिए शव को आग लगाई
शब्द अग्नि /इंदौर। शहर के खजराना क्षेत्र में बैंक कर्मचारी पलक काशिव की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। शुरुआती जांच में जिस घटना को रसोई में लगी आग से हुआ हादसा माना जा रहा था, वह अब हत्या का मामला साबित हुआ है। पुलिस ने इस मामले में युवती के कथित प्रेमी मयंक शाक्य को दतिया से गिरफ्तार किया है।
हत्या के बाद हादसा दिखाने की कोशिश
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी मयंक शाक्य युवती पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था। जब पलक ने शादी से इनकार किया तो आरोपी ने कथित रूप से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से बेहोशी की अवस्था में उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटनास्थल पर गैस रिसाव और रसोई में रखी कटी हुई सब्जियों के कारण शुरुआत में मामला हादसे जैसा प्रतीत हुआ।
सीसीटीवी और कॉल डिटेल से खुला राज
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक नकाबपोश युवक जल्दबाजी में वहां से निकलता दिखाई दिया। इसके बाद साइबर टीम की मदद से कॉल डिटेल और लोकेशन का विश्लेषण किया गया। जांच में घटना के समय आरोपी की लोकेशन खजराना क्षेत्र में मिलने के बाद पुलिस का संदेह मजबूत हुआ। सोमवार रात पुलिस टीम ने दतिया पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
छह साल पुरानी थी पहचान
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पलक और मयंक की पहचान करीब छह वर्ष पहले एक सोशल नेटवर्किंग माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से संपर्क था, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
Author: Shabd Agni
.