VISITORS

0 1 7 0 2 2

July 15, 2026 10:27 pm

+91 8878812345

विशेष जनजागरूकता अभियान का हुआ शुभारंभ

“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0”-

शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़

बालाघाट – माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी ने भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया राज्यव्यापी शुभारंभ 15 से 30 जुलाई तक जिले में चलाया जाएगा व्यापक जनजागरूकता अभियान।

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2030 तक भारत को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के अनुरूप तथा मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित किए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ आज दिनांक 14 जुलाई 2026 को मध्यप्रदेश शासन के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी द्वारा रवीन्द्र भवन, भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।

आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पुलिस महानिरीक्षक, बालाघाट जोन श्री ललित शाक्यवार (भा.पु.से.), पुलिस उप महानिरीक्षक, बालाघाट रेंज श्री विनीत कुमार जैन (भा.पु.से.), कलेक्टर बालाघाट श्री मृणाल मीना (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक बालाघाट श्री आदित्य मिश्रा (भा.पु.से.) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक बालाघाट श्री आदित्य मिश्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन में यह विशेष अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशामुक्त समाज की स्थापना हेतु जनसहभागिता सुनिश्चित करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इस जनआंदोलन से जोडना है।

अभियान के दौरान पुलिस विभाग द्वारा 15 से 30 जुलाई 2026 तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, आबकारी, वन, न्याय, नगरीय निकाय, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत जन-जागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, मानव श्रृंखला, सोशल मीडिया अभियान, जनसंवाद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा।

बालाघाट पुलिस जिले के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अपील करती है कि वे इस जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर