मोहर्रम पर्व पर उत्कृष्ट सहयोग के लिए नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों का सम्मान, एसडीओपी एवं थाना प्रभारी की उपस्थिति में आयोजित हुआ स्नेह भोज
शब्द अग्नि / एजाज मंसूरी
सेंधवा बड़वानी। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन के साथ सक्रिय सहयोग देने वाले नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों के सम्मान में अग्रवाल मिडवे, सेंधवा में स्नेह भोज एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी सेंधवा शहर दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मोहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में समिति के सदस्यों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई। एसडीओपी अजय वाघमारे ने कहा कि नगर सुरक्षा समिति पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहभागिता का मजबूत माध्यम है। समिति के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से सेंधवा में त्योहारों एवं अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होता है।
थाना प्रभारी ने आभार व्यक्त किया,
थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह ने समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण एवं सेवा भावना के साथ पुलिस प्रशासन का सहयोग करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने नगर सुरक्षा समिति का विस्तार करते हुए अधिक से अधिक युवाओं एवं समाजसेवियों को समिति से जोड़ने की अपील की, ताकि सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। स्नेह भोज के उपरांत सभी सदस्यों का सम्मान करते हुए उनके उत्कृष्ट सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम सौहार्द, आत्मीयता एवं आपसी विश्वास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण ओमप्रकाश चोंगडे, थाना सेंधवा शहर का पुलिस स्टाफ तथा नगर सुरक्षा समिति के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
Author: Shabd Agni
.