धार। राघवेंद्र रघुवंशी
धार शहर के ग्राम मालीवाड़ा में कुम्हार (प्रजापति) समाज के लिए आरक्षित ईंट भट्टा स्थल पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद गहरा गया है। समाज के सदस्य धर्मेंद्र बुंदेला ने कलेक्टर धार को विस्तृत शिकायत सौंपकर आरोप लगाया है कि प्रशासन द्वारा सीमांकन कराए जाने के बावजूद शासकीय कर्मचारी लोकेश परमार द्वारा सर्वे क्रमांक 830/1 की भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। जिसको लेकर पुलिस प्रशासन को लोकेश मंत्री की शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित धर्मेंद्र बुंदेला ने 30 जून से कलेक्ट्रेट कार्यालय में भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। पीड़ित की शिकायत के अनुसार ग्राम मालीवाड़ा स्थित सर्वे क्रमांक 830/1 वर्षों से कुम्हार (प्रजापति) समाज के पारंपरिक ईंट भट्टा व्यवसाय के लिए आरक्षित है। धर्मेंद्र प्रजापति का कहना है कि उनका परिवार पिछले करीब 70–80 वर्षों से इसी स्थान पर ईंट निर्माण का कार्य करता आ रहा है और यह कई परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार द्वारा भूमि का सीमांकन कराया जा चुका है, जिससे वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो गई है। इसके बावजूद ग्राम छोटा उमरिया में सचिव पद पर पदस्थ लोकेश परमार उक्त भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 15 जून 2026 को लोकेश परमार अपने कई साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद परिवार और समाज के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। धर्मेंद्र प्रजापति ने यह भी कहा कि एक शासकीय कर्मचारी द्वारा प्रशासनिक आदेशों और सीमांकन की कार्रवाई की अनदेखी किया जाना गंभीर विषय है। उन्होंने मध्य प्रदेश शासन के 22 जनवरी 2026 के राजस्व विभाग के उस आदेश का भी हवाला दिया, जिसमें कुम्हार समाज के पारंपरिक ईंट भट्टा स्थलों के संरक्षण और उनकी समस्याओं के प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार मामले में अभी तक जिला प्रशासन या संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इनका कहना है –
शिकायतकर्ता धर्मेंद्र प्रजापति ने कलेक्टर से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, सर्वे क्रमांक 830/1 से कथित अतिक्रमण हटवाने, संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने, धमकी और गाली-गलौज की घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में लोकेश परमार मंत्री ने बताया कि धर्मेंद्र बुंदेला ने मेरी भूमि 831/1, 831/2 सहित अन्य सर्वे पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहा है जिसकी मैने कलेक्टर साहब, तहसील कार्यालय और एसपी साहब को शिकायत कर चुका हूं।
Author: Shabd Agni
.