दूसरे राज्यों से भी खींच लाए
शब्द अग्नि न्यूज़ । उज्जैन। दो माह के भीतर उज्जैन से गुम हुए 406 मोबाइलों को खोजने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुम हुए यह मोबाइल उज्जैन के स्थानीय लोगों के अलावा बाहर से आने वाले पर्यटक व श्रद्धालुओं के थे। जिनकी कीमत करीब 75 लाख रुपए बताई जा रही है। रविवार दोपहर को पुलिस कंट्रोल रूम पर एसपी प्रदीप शर्मा ने प्रेस वार्ता के माध्यम से इस घटना की पूरी जानकारी दी और मालिकों को उनके मोबाइल लौटाए। मोबाइल प्राप्त कर लोगों की खुशी उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रही थी। पुलिस प्रेसवार्ता में बताया गया कि आई.टी. सेल / सायबर टीम द्वारा तकनीकी सहायता एवं भारत सरकार के CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम मेबाइल खोजने
की कार्यवाही की गई। कई मोबाइल अन्य जिलों एवं मध्यप्रदेश राज्य के बाहर संचालित पाए गए, जिन्हें सतत तकनीकी प्रयासों से ट्रेस कर पुनः प्राप्त किया गया। मोबाइल वितरण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक स्वयं उपस्थित रहे और आवेदकों से रूबरू होकर मोबाइल सुपुर्द किए।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि त्योहारों पर लोगों के चेहरे पर खुशी लाई जा सके, इसलिए साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो माह के भीतर करीब 406 मेबाइल खोजे हैं। इन मोबाइलों में 119 मोबाइल उन लोगों के हैं, जो दूसरे राज्य से यहां दर्शन करने आए थे और इस दौरान गुम हो गए थे। वहीं 78 मेबाइल ऐसे हैं, जो दूसरे राज्यों में गुमे थे, वहां से पुलिस ने रिकवर किए हैं।
Author: Shabd Agni
.
