तेज बारिश के बीच उफनती नदी में डूबने से युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर
शब्द अग्नि बैरसिया ऋषभ सेन
बेरसिया। भोपाल जिले के गुनगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केशुखेड़ी में तेज बारिश के कारण उफनती नदी में डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनील पिता कालूराम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात सुनील अपने छोटे भाई और गांव के कुछ युवकों के साथ उफनती नदी देखने गया था। इसी दौरान नदी किनारे उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में नदी में जा गिरा। डूबते समय सुनील ने एक बार “बचाओ-बचाओ” की आवाज भी लगाई, लेकिन तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते नदी में बह गया।
सुनील के साथ मौजूद युवकों और ग्रामीणों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाकर उसे बचाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के चलते उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना गुनगा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से तलाश अभियान शुरू किया। नदी का जलस्तर कम होने के बाद सुनील का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर नदी के एक किनारे से बरामद किया गया।
पुलिस ने पंचनामा एवं अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बेरसिया सिविल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को शव सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव में गमगीन माहौल के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया।
सुनील अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और ट्रैक्टर ड्राइवरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके पीछे चार छोटे-छोटे बच्चे, बुजुर्ग माता-पिता तथा भाई-बहन हैं। उसके छोटे भाई पर अब परिवार की जिम्मेदारी आ गई है, जो पढ़ाई के साथ-साथ मजदूरी भी करता है। सुनील की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और हर व्यक्ति इस दुखद घटना से स्तब्ध है।
Author: Shabd Agni
.