VISITORS

0 1 2 6 2 8

June 17, 2026 1:21 pm

+91 8878812345

Explore

Search

June 17, 2026 1:21 pm

नौकरी बहाली की मांग को लेकर युवक ने किया हंगामा

कोलयार्ड के टावर पर चढ़ा युवक, 

पीसी वाहन चालक की नौकरी वापस दिलाने की मांग, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित गजराबहरा कोलयार्ड में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक नौकरी की मांग को लेकर कोलयार्ड के ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक का कहना था कि वह पहले पीसी वाहन चलाने का कार्य करता था और उसे पुनः नौकरी पर रखा जाए। टावर पर चढ़े युवक को देखकर कोलयार्ड प्रबंधन, कर्मचारियों तथा स्थानीय प्रशासन के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार युवक पूर्व में कोलयार्ड में संचालित पीसी वाहन का चालक था। किसी कारणवश उसकी सेवा समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद से वह लगातार नौकरी वापस पाने का प्रयास कर रहा था। जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो उसने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए कोलयार्ड परिसर में स्थित टावर पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की। वहीं कोलयार्ड प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। युवक लगातार अपनी नौकरी बहाल करने की मांग करता रहा और जब तक उसकी बात नहीं सुनी जाएगी, तब तक नीचे नहीं उतरने की चेतावनी देता रहा। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए गए। देर शाम तक अधिकारियों और युवक के बीच बातचीत का दौर जारी रहा। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही और लोगों ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है तथा युवक की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उसे शांतिपूर्वक नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं। वहीं कंपनी प्रबंधन और प्रशासन द्वारा मामले के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर