सार्वजनिक माफी मांगी, रील बनाने के लिए छात्रों को करता था परेशान
शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी
सिंगरौली/ जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए कॉलेज छात्राओं को परेशान करने वाले एक सिरफिरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। जानकारी के अनुसार, यह मामला 8 जून को उस समय सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में नौगढ़ निवासी दीपक साकेत को बैढ़न थाना क्षेत्र के मल्हार पार्क के पास सड़क से गुजर रही कॉलेज छात्राओं के सामने मानसिक रूप से विक्षिप्त होने का नाटक करते हुए उन्हें डराते और परेशान करते देखा गया था। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना की।
मामला तूल पकड़ने के बाद स्थानीय मीडिया में खबर प्रकाशित होने पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। इस संबंध में सिंगरौली पुलिस अधीक्षक (एसपी) सियाज के.एम. ने बताया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं समाज में गलत संदेश देने वाली रील्स बनाने वालों पर साइबर सेल की लगातार नजर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हुड़दंग मचाने और लोगों को परेशान करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पूर्व 8 जून को ही सरई थाना पुलिस ने पुलिसकर्मियों की तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर रील बनाने वाले एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया था।
Author: Shabd Agni
.