16 ग्रामीणों का सफल रेस्क्यू
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट – जिले में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा के कारण थाना किरनापुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भानपुर में खेत पर कृषि कार्य करने गए लगभग 16 ग्रामीण अचानक आई बाढ़ की चपेट में आ गए। तेज बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे उनके आने-जाने का मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। जलस्तर लगातार बढ़ने से सभी ग्रामीण बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में फंस गए।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना किरनापुर पुलिस बिना विलंब किए थाना हट्टा पुलिस एवं हॉक फोर्स गोदरी के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया। संयुक्त टीम ने विषम परिस्थितियों एवं तेज बहाव के बीच साहस, सूझबूझ एवं समन्वय का परिचय देते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर सभी 16 ग्रामीणों का सुरक्षित रेस्क्यू किया तथा उन्हें सकुशल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

बालाघाट पुलिस की आमजन से अपील
वर्तमान में जिले में लगातार वर्षा के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं तथा अनेक पुल-पुलियों एवं मार्गों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो रही है। आमजन से अनुरोध है कि खेतों में कार्य करने जाने से पूर्व मौसम एवं जलस्तर की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा तेज वर्षा के दौरान नदी, नाले, पुल-पुलियों एवं जलमग्न मार्गों को पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें। जनसुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए बालाघाट पुलिस द्वारा जिले के सभी बाढ़ प्रभावित एवं जलमग्न मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर आवश्यक बैरिकेडिंग की गई है।
वही प्रशासन ने आमजन से अनुरोध है कि बैरिकेडिंग हटाकर अथवा पुलिस द्वारा प्रतिबंधित मार्गों से आवागमन का प्रयास न करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पूर्णतः पालन करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल डायल 112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को सूचना दें।
Author: Shabd Agni
.