ककरधा ग्रामसभा में शराब-गुटखा पर प्रतिबंध का प्रस्ताव पारित
शब्द अग्नि/जिला ब्यूरो बंटी सोनी
श्योपुर। जनपद पंचायत कराहल की ग्राम पंचायत कलमी ककरधा की पेसा ग्रामसभा में गांव की सीमा के भीतर शराब और गुटखा के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। निर्णय का उद्देश्य ग्रामीणों के स्वास्थ्य में सुधार, नशामुक्ति को बढ़ावा देना तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है।
ग्रामसभा अध्यक्ष कैलाश आदिवासी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में नशे के कारण स्वास्थ्य और आर्थिक नुकसान पर चिंता व्यक्त की गई।
ग्रामसभा के प्रस्ताव के अनुसार गांव में शराब या गुटखा का सेवन करते पाए जाने पर 1 हजार से 5 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं बाहर से शराब पीकर आने वालों की सूचना पुलिस को दी जाएगी। निर्णय के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्रामीणों की नशामुक्ति निगरानी समिति का भी गठन किया गया है।
Author: Shabd Agni
.