SP दिनेश कौशल के बेटे ने IIT दिल्ली से इंजीनियरिंग, बेटी बनी MBBS डॉक्टर
मेहनत, संस्कार और उत्कृष्ट प्रतिभा का बना प्रेरणादायी उदाहरण
शब्द अग्नि / ऋषभ सेन
बैरसिया।। किसी भी माता-पिता के लिए इससे बड़ा गर्व का क्षण नहीं हो सकता, जब उनकी संतानें अपनी मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन के बल पर देश के सर्वोच्च शैक्षणिक संस्थानों में सफलता का इतिहास रच दें। ऐसा ही गौरवपूर्ण पल पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) दिनेश कौशल एवं उनके परिवार के जीवन में आया है, जब उनकी दोनों संतानों ने एक साथ ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर पूरा परिवार ही नहीं, बल्कि छतरपुर जिला भी गौरवान्वित है। श्री कौशल के सुपुत्र क्षितिज कौशल ने देश के प्रतिष्ठित आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूर्ण कर अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी है।
वहीं उनकी सुपुत्री डॉ. श्रुति कौशल ने लखनऊ से एमबीबीएस की अंतिम परीक्षा उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण कर चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वर्तमान में वे अपनी अनिवार्य इंटर्नशिप पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कर रही हैं।एक ही परिवार की दोनों संतानों की यह शानदार सफलता वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन, उत्कृष्ट शिक्षा, पारिवारिक संस्कार और माता-पिता के सतत मार्गदर्शन का साकार परिणाम है। इस उपलब्धि के पीछे परिवार के वरिष्ठजनों—दादा-दादी, चाचा-चाची एवं अन्य परिजनों का स्नेह, प्रेरणा और सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है।
Author: Shabd Agni
.