शब्द अग्नि / एजाज मंसूरी
बड़वानी। मध्य प्रदेश पुलिस के “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत बड़वानी पुलिस ने जिला पेंशनर्स एसोसिएशन में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी, केवाईसी, निवेश और सोशल मीडिया फ्रॉड जैसी साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक का संदेश दिया गया कि, “आपके जीवनभर की कमाई आपकी सबसे बड़ी पूंजी है। थोड़ी-सी सावधानी और डिजिटल सतर्कता ही आपको साइबर अपराधियों से सुरक्षित रख सकती है।”
अधिकारियों ने पेंशनर्स से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या संदेश पर भरोसा न करें तथा ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने या साइबर क्राइम पोर्टल एवं निकटतम पुलिस थाने में सूचना देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन, जिला साइबर एक्सपर्ट रितेश खत्री सहित पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे। बड़वानी पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।
Author: Shabd Agni
.