प्रवीण ठाकरे होंगे सादलपुर थाना प्रभारी, तो राजललन मिश्रा होंगे नौगांव थाना प्रभारी
शब्द अग्नि / धार राघवेंद्र रघुवंशी
धार / प्रशासनिक कार्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग में एक बड़ा फेरबदल किया गया है। धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा द्वारा जारी एक आदेश के तहत जिले के 12 पुलिस निरीक्षकों और कार्यवाहक निरीक्षकों के तत्काल प्रभाव से तबादले कर दिए गए हैं।
किसका कहाँ हुआ तबादला
धार एसपी द्वारा किए गए तबादलों में कार्यवाहक निरीक्षक प्रवीण ठाकरे को थाना प्रभारी धामनोद से थाना प्रभारी सादलपुर किया गया। वहीं निरीक्षक सविता चौधरी को थाना प्रभारी सादलपुर से रक्षित केन्द्र धार भेज दिया गया है। इसी प्रकार निरीक्षक संतोष सिंह यादव थाना प्रभारी धरमपुरी से थाना प्रभारी धामनोद नियुक्त किया गया है, निरीक्षक सरदार सिंह सोलंकी को रक्षित केन्द्र धार से थाना प्रभारी धरमपुरी बनाए गए। कार्यवाहक निरीक्षक ईश्वरसिंह चौहान को थाना प्रभारी मनावर से कोतवाली थाने की कमान सौंपी गई है। कार्यवाहक निरीक्षक दीपक सिंह चौहान को कोतवाली थाना प्रभारी से कुक्षी थाना प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक राजेश यादव को थाना प्रभारी कुक्षी से थाना प्रभारी मनावर नियुक्त किया गया है। कार्यवाहक निरीक्षक राजललन मिश्रा को रक्षित केन्द्र धार से थाना प्रभारी नौगांव और कार्यवाहक निरीक्षक हीरूसिंह रावत थाना प्रभारी नौगांव से बाग थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। निरीक्षक कैलाश चौहान को थाना प्रभारी बाग से रक्षित केन्द्र धार एवं निरीक्षक रेवल सिंह बर्डे को रक्षित केन्द्र धार से थाना प्रभारी राजोद नियुक्त किया है। वहीं निरीक्षक रामसिंह राठौर को थाना प्रभारी राजोद से रक्षित केन्द्र धार भेजा गया है।
ठाकरे के लिए अवैध धंधे होंगे चुनौतीपूर्ण
नवागत थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे के लिए सादलपुर थाना अंतर्गत आने वाले गुणावद क्षेत्र के कुछ ढाबों पर रात के अंधेरों में चल रहे अवैध धंधे सबसे बडी चुनौतीपूर्ण होने वाले है क्योंकि यहां कुछ ढाबों की आड में केमिकल, अवैध गैस रिफलिंग सहित बड़ी मात्रा में अवैध धंधे का खेल चल रहा है। रात के अंधेरे में ये अवैध धंधेबाज अवैध तरीके से पेट्रोल, डीजल एवं गैस रिफिलिंग कर तुरंत उसे अपने ठीयों पर ले जाते है जहां सारा माल एकत्रित करते है और फिर वहां से इंदौर जाकर सप्लाय कर देते है। सूत्र बताते है कि इन अवैध धंधो पर लगाम नहीं लगाने के कारण ही थाना प्रभारी को वहां से लाईन में भेजा गया है।
Author: Shabd Agni
.