निगम और आपदा प्रबंधन की संयुक्त एडवाइजरी जारी, आपात स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम को करें सूचित
शब्द अग्नि / इंदौर । में लगातार हो रही बारिश के चलते पुराने और ऐतिहासिक क्षेत्रों में स्थित जर्जर भवनों तथा बाउंड्री वॉल के ढहने का खतरा बढ़ गया है। हाल के दिनों में कई स्थानों पर दीवार और पुराने निर्माण के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आने के बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
जर्जर इमारतों से दूर रहे
प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कमजोर इमारतों की संरचना और अधिक प्रभावित हो सकती है। ऐसे में नागरिकों से सावधानी बरतने, बारिश के दौरान जर्जर भवनों और पुरानी बाउंड्री वॉल के पास वाहन खड़े नहीं करने तथा भीड़ एकत्रित नहीं करने की अपील की गई है।
निगम ने जारी की एडवाइजरी

इंदौर नगर निगम (आईएमसी) और आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त टीम ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अपील की है कि वे अत्यधिक जर्जर, कमजोर या मिट्टी से बने मकानों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। ऐसे भवनों में रहने वाले लोग समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और किसी भी प्रकार की दरार, झुकाव या दीवार गिरने जैसी स्थिति दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना नगर निगम के कंट्रोल रूम या संबंधित अधिकारियों को दें।
Author: Shabd Agni
.