दो दरोगा का 7-7 दिन का वेतन काटा
शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने गुरुवार को झोन क्रमांक 2, 13 और 18 के इलाकों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। दो दरोगाओं का 7-7 दिन का वेतन काटने और एक सहायक दरोगा को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
निगमायुक्त सबसे पहले झोन क्रमांक 2 के वार्ड क्रमांक 68 पहुंचे। यहां उन्होंने सिलावटपुरा और बंबई बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सफाई कार्य संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने सीएसआई और क्षेत्रीय दरोगा को फटकार लगाई। वार्ड 68 के सहायक दरोगा विवेक धौलपुरे को हटाने और दरोगा मनीष पथरोड का 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही झोन 2 के सीएसआई के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए। इसके बाद निगमायुक्त झोन क्रमांक 13 के वार्ड 74 के मैकेनिक नगर, विष्णुपुरी और मां अहिल्या उद्यान पहुंचे। यहां उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था और गार्डन में री-यूज पानी के कनेक्शन को लेकर रहवासियों से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की अनुपस्थिति मिलने पर क्षेत्रीय सीएसआई अभिषेक तिवारी को हाजिरी रजिस्टर जांचने और अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने झोन क्रमांक 18 के वार्ड क्रमांक 53 में कोहिनूर कॉलोनी, आजाद नगर और आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। यहां कचरे के पॉइंट बनने और सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर वार्ड दरोगा प्रवीण खरे को फटकार लगाई। साथ ही उनका 7 दिन का वेतन काटने के लिए अपर आयुक्त को निर्देश दिए।
Author: Shabd Agni
.
