शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। देवी अहिल्या विवि के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्रा पर सहपाठियों को ‘बॉयफ्रेंड बनाने’ के लिए उकसाने और व्यक्तिगत संबंध बनाने का दबाव डालने के आरोप लगे हैं। मामले की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय समिति ने अपनी रिपोर्ट में छात्रा को हॉस्टल की आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी माना है।
जानकारी के अनुसार हॉस्टल में रहने वाली कुछ छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखित शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि संबंधित छात्रा उन पर निजी संबंध बनाने के लिए दबाव बना रही थी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर मामले की जांच कराई। समिति ने शिकायतकर्ता छात्राओं के बयान दर्ज कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है। शनिवार को विक्रमशिला परिसर छात्रा के पिता कोलकाता से इंदौर पहुंचे। हॉस्टल वार्डन ने उन्हें पूरे घटनाक्रम और जांच समिति की रिपोर्ट से अवगत कराया। छात्रा के पिता उसे अपने साथ कोलकाता ले गए। छात्रा ने हॉस्टल भी खाली कर दिया है। छात्रा विश्वविद्यालय के डाटा साइंस विभाग में संचालित पांच वर्षीय पाठ्यक्रम में अध्ययनरत है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि विभाग स्तर पर उसके खिलाफ कोई शिकायत नहीं आई है। ऐसे में उसे पाठ्यक्रम से निष्कासित करना संभव नहीं है, क्योंकि किसी भी छात्रा को शिक्षा से वंचित नहीं किया जा सकता। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलगुरु राकेश सिंघई ने बताया कि फिलहाल इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय नहीं लिया गया है।
छात्रा ने लिखित स्पष्टीकरण में कहा है कि वीडियो कॉल पर बात करना उसका निजी मामला है और इसे गलत तरीके से पेश किया गया। उसने यह भी दवा किया कि किसी पर बॉयफ्रेंड बनाने का दबाव नहीं डाला गया। जब्त सामान को लेकर भी छात्रा ने आपत्ति जताई है और उसे वापस करने की मांग की है। डाटा साइंस विभाग में पढ़ने वाली छात्रा ने सीयूईटी के माध्यम से पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में प्रवेश लिया। प्रथम वर्ष की छात्रा पश्चिम बंगाल के कोलकाता की रहने वाली है। यहां कमला नेहरू होस्टल में रहती है। प्रवेश के दौरान छात्रा ने लोकल गार्जियन यानी स्थानीय अभिभावक के बारे में फॉर्म में जानकारी नहीं दी थी। हॉस्टल की पांच छात्राओं ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि संबंधित छात्रा उन्हें बॉयफ्रेंड बनाने के लिए प्रेरित करती थी और इसे ‘कॉलेज लाइफ एंजॉय करने’ का हिस्सा बताती थी। शिकायत के मुताबिक, वह एक मोबाइल ऐप के जरिए बॉयफ्रेंड बनवाने की बात करती थी और अन्य छात्राओं से अज्ञात युवकों से बातचीत और घूमने-फिरने के लिए दबाव बनाती थी।
Author: Shabd Agni
.
