कलेक्टर-एसपी भी शामिल हुए, ढोल की थाप और डीजे की धुन पर जमकर थिरके
शब्द अग्नि न्यूज़ । उज्जैन पुलिस ने लगातार तीन दिन की ड्यूटी के बाद पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह मनाया। इस कार्यक्रम में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और डीआईजी नवनीत भसीन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जवान शामिल हुए।
दरअसल, होली के दिन शहर की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी 24 घंटे से अधिक समय तक लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे। इसी परंपरा के तहत हर साल होली के अगले दिन पुलिस लाइन में यह आयोजन किया जाता है, जिसमें पुलिस अधिकारी और जवान एक साथ रंगों के त्योहार का आनंद लेते हैं।
फिल्मी गीतों पर जमकर थिरके अफसर जवान
कार्यक्रम की शुरुआत में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने जोरदार अंदाज में मंच पर प्रवेश किया। दोनों अधिकारी गले में हाथ डालकर नाचते हुए मंच तक पहुंचे, इसके बाद मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। ढोल की थाप और तेज डीजे की धुन पर पूरा माहौल रंगीन हो गया।
समारोह में पुलिस अधिकारी और जवान बॉलीवुड गानों पर जमकर थिरकते नजर आए। “जोगी जी वाह जोगी जी”, “होली के दिन दिल खिल जाते हैं”, “आज ब्लू है पानी-पानी”, “नागिन धुन”, “लुंगी डांस” और “बलम पिचकारी” जैसे गीतों पर उन्होंने खूब डांस किया। महिला पुलिसकर्मी भी पीछे नहीं रहीं और “वुमनिया” जैसे गीतों पर झूमती दिखाई दीं।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि हर साल की परंपरा के अनुसार, होली के दिन पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहते हैं। इसलिए अगले दिन पुलिस लाइन और सभी थानों में होली मनाई जाती है, जिसमें पुलिस परिवार भी शामिल होता है। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने लगातार ड्यूटी कर शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभाली है। ऐसे में आज पुलिस लाइन में पुलिस परिवार के साथ होली मिलन समारोह मनाया जा रहा है।
Author: Shabd Agni
.
