177 आवेदन प्रस्तुत किए
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट – जिले में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 14 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री एमआर कोल, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप कौरव तथा एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 177 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।
किरनापुर तहसील अंतर्गत ग्राम बेलगांव निवासी फगनी दशमेर नाली बंद किए जाने की शिकायत लेकर आयी थी। उसका कहना था कि पड़ोसी शिवा बिसेन एवं नंदलाल शेंद्रे द्वारा नाली में मिट्टी-मुरम डालकर उसे बंद कर दिया गया है, जिससे फगनी के घर के सामने बरसात का पानी जमा हो रहा है। उन्होंने जलभराव से संक्रामक बीमारियों के फैलने और मकान को नुकसान होने की आशंका जताई है। फगनी ने तत्काल नाली की सफाई कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। इस प्रकरण में तहसीलदार किरनापुर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
Author: Shabd Agni
.