VISITORS

0 1 6 8 1 7

July 12, 2026 7:49 pm

+91 8878812345

इंदौर : अंडरग्राउंड मेट्रो में नहीं होगी घुटन

सुरंगों में धुएं की निकासी से लेकर तापमान नियंत्रण तक की होगी आधुनिक व्यवस्था

शब्द अग्नि / इंदौर शहर में चने वाली मेट्रो के भूमिगत कॉरिडोर को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए स्टेशनों और सुरंगों में आधुनिक वेंटिलेशन सिस्टम स्थापित किया जाएगा। यह प्रणाली भूमिगत क्षेत्रों में लगातार ताजी हवा उपलब्ध कराने के साथ तापमान और आर्द्रता को नियंत्रित रखेगी।

स्टेशनों पर रहेगी पर्यावरण नियंत्रण प्रणाली

भूमिगत मेट्रो स्टेशनों पर पर्यावरण नियंत्रण प्रणाली (ईसीएस) लगाई जाएगी, जो प्लेटफॉर्म, कॉन्कोर्स और अन्य सार्वजनिक क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता को बनाए रखने का काम करेगी। इससे यात्रियों को भूमिगत स्टेशन पर भी आरामदायक वातावरण मिलेगा और हवा का संतुलन बना रहेगा।

सुरंगों में लगेगा स्मार्ट वेंटिलेशन नेटवर्क

मेट्रो की सुरंगों में टनल वेंटिलेशन सिस्टम (टीवीएस) स्थापित किया जाएगा। सामान्य संचालन के दौरान यह सिस्टम हवा के प्रवाह को संतुलित रखेगा, जबकि आग या किसी अन्य आपात स्थिति में जहरीले धुएं को तेजी से बाहर निकालकर यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।

ट्रेन खुद बनाएगी हवा का प्रवाह

मेट्रो ट्रेन जब सुरंग से गुजरेगी तो वह पिस्टन की तरह कार्य करेगी। ट्रेन की गति से आगे की हवा आगे की ओर धकेली जाएगी, जबकि पीछे से ताजी हवा सुरंग में प्रवेश करेगी। इस प्राकृतिक एयर फ्लो को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुरंगों में बड़े जेट फैन और एक्सियल फैन लगाए जाएंगे, जो हवा के दबाव और दिशा को नियंत्रित करेंगे।

यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित और आरामदायक सफर

इस आधुनिक वेंटिलेशन तकनीक के लागू होने से भूमिगत मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ हवा, नियंत्रित तापमान और सुरक्षित वातावरण मिलेगा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में धुएं की त्वरित निकासी से जोखिम कम होगा और राहत एवं बचाव कार्य भी अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे।

 

 

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर