VISITORS

0 1 6 6 4 1

July 11, 2026 8:00 pm

+91 8878812345

विधवा महिला से डकैती के बाद सामूहिक दुष्कर्म

आलीराजपुर में दिल दहला देने वाली वारदात:, गंभीर हालत में इंदौर रेफर

घर में घुसकर हथियारबंद बदमाशों ने की लूटपाट, चांदी नहीं मिलने पर महिला से की दरिंदगी; पुलिस ने गठित की विशेष टीमें

शब्द अग्नि मुस्तकीम मुगल

आलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। हथियारबंद बदमाशों ने एक विधवा महिला के घर में घुसकर पहले डकैती की और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात करीब दो बजे छह हथियारबंद बदमाश महिला के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। आरोपियों ने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और उस पर 8 किलोग्राम चांदी छिपाने का आरोप लगाया। भयभीत महिला ने अपने पास रखी लगभग 1 किलोग्राम चांदी बदमाशों को सौंप दी, लेकिन आरोपी 8 किलोग्राम चांदी की मांग पर अड़े रहे।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और चांदी की तलाश में घर के भीतर कई स्थानों पर खुदाई भी की। पीड़िता के आरोप के अनुसार, मनचाही मात्रा में चांदी नहीं मिलने पर सभी छह आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के दौरान महिला को गंभीर शारीरिक चोटें आईं, जिनमें गुप्तांग पर गंभीर चोट भी शामिल है।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से महिला को बोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदोरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदोरिया ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर डकैती, सामूहिक दुष्कर्म तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर