10 साल पहले इसी टीम ने खिताब से किया था दूर टूट गए थे करोड़ों दिल
शब्द अग्नि न्यूज़ । कोलकाता। टी20 विश्व कप 2026 का सुपर-8 चरण रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी हैं जबकि दो स्थानों के लिए लड़ाई जारी है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार यानी 01 मार्च को अहम मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लेगी। दोनों ही टीमों के लिए यह मैच करो या मरो की स्थिति जैसा है। हालांकि, टीम इंडिया विपक्षी टीम को हल्के में नहीं लेना चाहेगी। 2016 में टूटा था सपना- मौजूदा टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज ग्रुप स्टेज में अजेय रही। सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुरुवार को खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज को नौ विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जबकि अपने पहले मैच में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को हराया था। वहीं, सुपर-8 का अपना पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गंवाने वाली भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ
अपने मैच में 72 रन से जीत दर्ज की।
रविवार को भारत – वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला क्वार्टर फाइनल की तरह है। भारतीय टीम अपने घर में खेलने के बावजूद वेस्टइंडीज को बिल्कुल भी हल्के में नहीं लेगी। इसकी वजह 2016 का टी20 विश्व कप सेमीफाइनल है जिसमें भारतीय टीम को वेस्टइंडीज ने सात विकेट से हराकर खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया था। जब 10 साल पहले टूटे थे करोड़ों प्रशंसकों के दिल- 31 मार्च 2016 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए सेमीफाइनल में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने विराट कोहली के नाबाद 47 गेंद पर बनाए 89 रन की मदद से 2 विकेट पर 192 रन बनाए थे। स्कोर कम नहीं था, लेकिन वेस्टइंडीज की मजबूत बल्लेबाजी ने इस स्कोर को बौना साबित कर दिया।
लेंडल सिमंस के 51 गेंदों पर 5 छक्कों और 7 चौकों की मदद
से खेली गई नाबाद 82 और आंद्रे रसेल के 20 गेंदों पर बनाए विस्फोटक 43 रनों की पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने 19.4 ओवर में 3 विकेट पर 196 रन बनाकर न सिर्फ मैच जीता था बल्कि अपने घर में भारतीय टीम के विश्व कप जीतने का सपना तोड़ा था। डेन सैमी की रणनीतियों से रहना होगा सावधान- वेस्टइंडीज इंग्लैंड को हराकर चैंपियन बनी थी। उस समय टीम के कप्तान रहे डेरन सैमी मौजूदा समय में टीम के मुख्य कोच हैं। कोलकाता में जब भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डेन्स में उतरेगी, तो निश्चित रूप से 10 साल पहले मिली हार का बदला लेने की कोशिश करेगी। भारत की 2016 वाली प्लेइंग इलेवन के दो खिलाड़ी, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह, अगले मैच की प्लेइंग इलेवन का भी हिस्सा होंगे। ये दोनों खिलाड़ी वेस्टइंडीज के विश्व कप में चले आ रहे तूफानी और शानदार सफर को रोकने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
Author: Shabd Agni
.
