सोफर्ट और एलेन की शानदार साझेदारी
शब्द अग्नि न्यूज़ । चेन्नई। टिम सीफर्ट और फिन एलेन की शानदार साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से हराया । यूएई ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। यूएई ने मोहम्मद वसीम और अलीशान शराफु के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 173 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने सीफर्ट और एलेन के नाबाद अर्धशतकों की मदद से 15.2 ओवर में बिना किसी नुकसान के 175 रन बनाकर मैच जीत लिया। न्यूजीलैंड की टी20 विश्व कप में यह लगातार दूसरी जीत है ।
सीफर्ट – एलेन के सामने बेदम दिखा यूएई
लक्ष्य का पीछा करते हुए सीफर्ट और एलेन ने न्यूजीलैंड को मजबूत शुरुआत दिलाई। इन दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती से ही आक्रामक रुख अपनाया और यूएई के गेंदबाजों को हावी होने का कोई मौका नहीं दिया । यूएई ने न्यूजीलैंड के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था, लेकिन सीफर्ट और एलेन ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की उससे ये लक्ष्य आसान बन गया। सीफर्ट और एलेन के बीच पहले विकेट के लिए 175 रनों की अविजित साझेदारी हुई जो टी20 विश्व कप में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। सीफर्ट 42 गेंदों पर 12 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि एलेन ने 50 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों के सहारे नाबाद 84 रन बनाए ।
शराफु – वसीम की शानदार साझेदारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई को पहला झटका शुरुआत में ही लग गया था। जैकब डफी ने आर्यंश शर्मा को आउट किया जो आठ रन बनाकर आउट हुए।इसके बाद हालांकि, मोहम्मद वसीम और अलीशान शराफु ने टीम को संभाला और दोनों बल्लेबाजों के बीच शतकीय साझेदारी हुई। इस दौरान अलीशान शराफु ने 39 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। शराफु और वसीम ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को जमकर परेशान किया। हालांकि, सैंटनर आखिरकार इस साझेदारी को तोड़ने में सफल रहे। सैंटनर ने शराफु को आउट किया जो 47 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए।
वसीम का पचासा
शराफु के आउट होने के बाद यूएई की पारी धीमी पड़ गई, लेकिन वसीम अपनी पारी बढ़ाते रहे। यूएई को हर्षित कौशिक के रूप में तीसरा झटका लगा जो दो रन बनाकर ग्लेन फिलिप्स का शिकार बने। इसके बाद वसीम 37 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। वसीम एक छोर से मोर्चा संभाले रहे जिससे यूएई का स्कोर 170 रन के पार पहुंचने में सफल रहा। वसीम 45 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 66 रन बनाकर नाबाद रहे। यूएई के लिए मयंक कुमार ने 13 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाए, जबकि शोएब खान सात रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी को दो विकेट मिले, जबकि जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स को एक-एक सफलता मिली।
Author: Shabd Agni
.
