शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर | क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को SGSITS कॉलेज के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10.46 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक इलाके में ब्राउन शुगर की सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर मंगलवार को क्राइम ब्रांच की टीम SGSITS कॉलेज के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने पहुंची। यहां दो युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आए। पुलिस टीम को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 10.46 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने अपना नाम सौरभ सोनकर निवासी पालदा और गौरव मालवीय निवासी पालदा बताया। केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि सौरभ हम्माली करता है। और 11वीं तक पढ़ा हुआ है, वहीं गौरव गाड़ी चलाता है और ग्रेजुएट है। दोनों ज्यादा पैसा कमाने की लालच में ब्राउन शुगर की सप्लाई कर रहे थे। उनसे पूछताछ कर जानकारी निकाली जा रही है कि वे ब्राउन शुगर कहां से लाए और किन- किन लोगों को सप्लाई करते थे।
Author: Shabd Agni
.
