शब्द अग्नि न्यूज़ । इंदौर। द्वारकापुरी इलाके में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक कारोबारी को जान से मारने और 40 लाख रुपए की मांग को लेकर धमकाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अड़ीबाजी और धमकी देने का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक ऋषि नगर निवासी सौरभ राठौर ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह प्रॉपर्टी का काम करता है। गुरुवार को वह अपनी बेटी को लेने जा रहा था, तभी कार शोरूम के पास आरोपी प्रेम पुत्र भुजराम प्रजापत ने अपनी गाड़ी लगाकर उसे रोक लिया। आरोप है कि प्रेम ने कहा कि जिन अधिकारियों को वह आवेदन दे रहा है, उससे कुछ नहीं होगा और प्लॉट पर कब्जा वे ही करेंगे। साथ ही 40 लाख रुपए देने और कुख्यात बदमाश किशोर हटकर उर्फ भाऊ से समझौता करने का दबाव बनाया।
धमकी देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद सौरभ थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार 9 फरवरी को भी द्वारकापुरी थाने में प्रेम ने पुराने हत्याकांड का हवाला देकर सौरभ को धमकाया था। इस मामले की शिकायत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) से भी की गई थी। प्रेम प्रजापत पर खुड़ैल इलाके में गुमाश्ता नगर के एक चाय दुकानदार की हत्या का आरोप लग चुका है। आरोप था कि युवक के सिर में गोली मारकर शव को कार समेत करीब 300 फीट गहरी खाई में धकेल दिया गया था। इस मामले में वह करीब पांच साल जेल में रहा और बाद में सुप्रीम कोर्ट से बरी हुआ था।
किशोर हटकर उर्फ भाऊ और प्रेम प्रजापत दोनों पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। सौरभ राठौर के अनुसार उसका करीब डेढ़ करोड़ रुपए कीमत का एक प्लॉट है। पहले उस पर मकान बनाकर किराए पर दिया गया था। करीब 20 साल बाद मकान तोड़कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया गया। इसी दौरान किशोर हटकर उर्फ भाऊ अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और कब्जा करने की कोशिश की। सौरभ ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि बाद में राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर मारपीट के मामले में सौरभ पर भी दबाव बनाते हुए समझौते के लिए केस दर्ज कराया गया। हालांकि वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद मामला जांच में है।
Author: Shabd Agni
.
