हटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वेगनआर कार जब्त
शब्द अग्नि अनुराग बजाज दमोह । जिला पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत मुखबिर की सटीक सूचना पर रात के अंधेरे में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दमोह नाका के पास घेराबंदी कर एक वेगनआर कार से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 38 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 3 लाख रुपये की कार भी अपने कब्जे में ले ली है।
टीआई के नेतृत्व में गठित हुई थी टीम
थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दमोह नाका पर सघन वाहन चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान संदिग्ध वेगनआर कार (MP 20 CD 7357) को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो कार की बीच वाली सीट और डिक्की में छिपाकर रखे गए कुल 10 कार्टून अवैध देशी शराब बरामद हुए। इसमें 150 पाव देशी लाल प्रिंस और 328 पाव देशी प्लेन प्रिंस लेमन शराब शामिल थी।
पुलिस ने जुटाई जानकारी
कार सवार आरोपी राजा उर्फ इंद्रकुमार नामदेव (26 वर्ष) और अभिषेक रैकवार (26 वर्ष) निवासी ग्राम कांटी शराब परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सके। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे यह शराब मुड़िया शराब दुकान के गद्दीदार बलराम राय से लेकर आ रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य सप्लायर बलराम राय (45 वर्ष) निवासी ग्राम कौड़ता को भी दबोच लिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में हटा थाने के पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।
Author: Shabd Agni
.