शब्द अग्नि / इंदौर
इंदौर। शहर में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम ने स्कूलों, कोचिंग संस्थानों तथा सार्वजनिक लाइब्रेरी संचालकों को फायर सेफ्टी के सभी मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि प्रत्येक संस्थान में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट), फायर अलार्म और अन्य सुरक्षा उपकरण पूरी तरह कार्यशील स्थिति में होने चाहिए।
प्रशासन ने सभी संचालकों से फायर सेफ्टी ऑडिट कराने, भवनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा है। साथ ही विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई आगजनी की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण अभियान भी लगातार जारी रहेगा।
Author: Shabd Agni
.