सेंधवा में पैगंबर साहब पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शिकायत, एफआईआर की मांग
शब्द अग्नि / नौशाद अली
बड़वानी / सेंधवा। सोशल मीडिया पर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के पूर्व प्रदेश कोर कमेटी सदस्य हारून शेरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ‘न्यूज वॉच इंडिया’ के सत्यापित इंस्टाग्राम अकाउंट और आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित ‘नाज़िया इलाही खान पॉडकास्ट’ में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं, जिससे मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री से सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
हारून शेरी ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई होना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और समाज में भाईचारा एवं शांति बनी रहे।
Author: Shabd Agni
.