बारिश ने थामी रफ्तार, बादलों की मौजूदगी से मौसम रहा सुहाना हल्की फुहारों के बीच शहरवासियों को उमस से राहत
शब्द अग्नि / इंदौर शहर में बुधवार को पूरे दिन आसमान पर बादलों का डेरा रहा। हालांकि तेज बारिश नहीं हुई और केवल कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। बादलों की आवाजाही के चलते तापमान में गिरावट महसूस हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली।
वातावरण में नमी
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश का कोई बड़ा दौर सक्रिय नहीं है, लेकिन वातावरण में पर्याप्त नमी बनी हुई है। इसी कारण अगले दो से तीन दिनों तक शहर में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या फुहारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
अब तक 329.1 मिलीमीटर दर्ज
एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, इस मानसून सीजन में अब तक 329.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में यदि मानसूनी गतिविधियां तेज होती हैं तो वर्षा का आंकड़ा और तेजी से बढ़ सकता है। फिलहाल मौसम सुहावना बना रहने के आसार हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहतमिलती रहेगी।
Author: Shabd Agni
.