कैंसर से जूझ रही मां से धोखे से करवाए हस्ताक्षर बेटे पर संपत्ति हड़पने के गंभीर आरोप
शब्द अग्नि / इंदौर । शहर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। कैंसर से पीड़ित एक बुजुर्ग महिला ने प्रशासन के सामने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने बीमारी और भरोसे का फायदा उठाकर उनकी करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन, मकान, आभूषण और बैंक से जुड़े दस्तावेज अपने नाम करवा लिए। महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
ईलाज के बहाने करवाए हस्ताक्षर
महिला का कहना है कि इलाज के दौरान उन्हें कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया था। बाद में जानकारी मिली कि उन्हीं कागजात के जरिए संपत्ति का स्वामित्व बदल दिया गया। उनका आरोप है कि इस कारण वे अपनी ही संपत्ति से बेदखल होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। जनसुनवाई में उन्होंने संबंधित दस्तावेज प्रशासन को सौंपते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई।
मामले की जाँच के निर्देश
प्रशासन ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी दस्तावेजों और तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। यदि जांच में किसी प्रकार की धोखाधड़ी या जालसाजी सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Shabd Agni
.