रफ्तार का कहर फैक्ट्री से घर लौट रही महिला हादसे की शिकार
शब्द अग्नि / इंदौर शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। गुरुवार देर रात एमआर-10 ब्रिज पर हुए भीषण सड़क हादसे में फैक्ट्री से काम कर रेपिडो बाइक से घर लौट रही 40 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला कार के अगले हिस्से में फंस गई और चालक उसे करीब 200 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए। रेपिडो चालक को मामूली चोटें आई हैं।
भागते चालक का 4 किलोमीटर तक पीछा, पुलिस ने दबोचा

हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से कार लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने विजयनगर की ओर भाग रही कार का करीब चार किलोमीटर तक पीछा किया और बाबू मुराई कॉलोनी निवासी **जितेश सोलंकी** को हिरासत में ले लिया। दुर्घटना में शामिल कार भी जब्त कर ली गई है।
रेपिडो चालक की तलाश, हर पहलू की जांच
हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि हादसे के बाद रेपिडो चालक घबराकर मौके से चला गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। चालक की लापरवाही, वाहन की रफ्तार और अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Author: Shabd Agni
.