15 और आएंगी, असिस्टेंट रजिस्ट्रार और राज्य वन सेवा की भी सूची होगी जारी
शब्द अग्नि इंदौर। एमपी पीएससी के अभ्यर्थियों के लिए यह वर्ष सर्वाधिक चयन सूची वाला बनने जा रहा है। अब तक 15 से ज्यादा परीक्षाओं की सिलेक्शन लिस्ट्स जारी हो चुकी है, जबकि इससे ज्यादा नई चयन सूची अब आना बाकी हैं। खास बात यह है कि इस साल के अंत तक राज्य सेवा परीक्षा-2025 और 2026 की भी चयन सूची जारी की जाएगी। इसके साथ ही स्टेट इंजीनियरिंग भर्ती सहित कई परीक्षाओं की चयन सूचियां भी जारी की जाएंगी। पीएससी की तैयारी है कि न केवल 30 जून तक की परीक्षाओं, बल्कि उसके बाद होने वाले एग्जाम्स की भी सिलेक्शन लिस्ट 31 दिसंबर तक जारी कर दी जाए।
फिलहाल पीएससी को कई बड़ी परीक्षाएं आयोजित करना है। इसमें 12 जुलाई से 30 अगस्त तक तीन चरणों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा-2025 होगी, जिसमें 1239 पद हैं और यह 19 विषयों के लिए आयोजित की जा रही है। जबकि एडीपीओ के 17 पदों के लिए अक्टूबर में एग्जाम है। इन दोनों की चयन सूची इस साल आना मुश्किल है। लेकिन 1918 पदों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती-2024 के सभी 23 विषयों की चयन सूची 31 दिसंबर तक जारी हो जाएगी। इसमें अभी करीब 15 विषयों के 1600 से ज्यादा पदों के इंटरव्यू होना बाकी हैं।
Author: Shabd Agni
.