बस्तीवासियों ने किया विरोध प्रदर्शन
शब्द अग्नि/दुर्गेश मंसूरिया
इंदौर। वीर टांटिया नगर तेजपुर गड़बड़ी (फोक्टपुरा) बस्ती में पिछले पांच दिनों से पानी सप्लाई बंद होनेव के कारण गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है। भीषण गर्मी के बीच करीब 1200 परिवार बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बस्तीवासियों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार पार्षद एवं संबंधित अधिकारियों को शिकायत और आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
जल संकट से परेशान होकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में बस्तीवासी पार्षद कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खाली बाल्टियां और डिब्बे लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा जल्द समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शन में इंदौर क्लाइमेट लिंग वालंटियर के स्वयंसेवकों ने भी भाग लिया। इस दौरान अजय मंसूरिया, पायल तंवर सहित बस्ती के कई युवा सक्रिय रूप से आंदोलन में शामिल रहे। बस्ती अध्यक्ष दुर्गेश मंसूरिया एवं बस्ती सचिव सहित अन्य नागरिकों ने जल संकट के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बस्तीवासियों ने पार्षद को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा। सामूहिक आवेदन के बाद पार्षद ने जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए उन्हें रोज संघर्ष करना पड़ रहा है। कई परिवारों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे मजदूर वर्ग की रोजी-रोटी भी प्रभावित हो रही है। छोटे बच्चे प्यास और गर्मी से परेशान हैं, वहीं बुजुर्गों की स्थिति अधिक चिंताजनक बनी हुई है।
बस्तीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, नियमित रूप से टैंकर भेजे जाएं तथा जल पाइपलाइन की जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। बस्तीवासियों ने कहा कि वे मजबूर होकर विधायक एवं महापौर निवास का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
Author: Shabd Agni
.