पैगंबर मोहम्मद साहब पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में कार्रवाई की मांग
शब्द अग्नि / नौशाद अली
सेंधवा (बड़वानी)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब एवं उम्मुल मोमिनीन हजरत आयशा के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
एआईएमआईएम बड़वानी के पूर्व जिला सहसचिव हसीर मंसूरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम नायब तहसीलदार सुधीर शर्मा को ज्ञापन सौंपकर संबंधित महिला नाज़िया इलाही खान के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि किसी भी धर्म, धार्मिक महापुरुष या आस्था से जुड़े व्यक्तित्व के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और सामाजिक सौहार्द व शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसलिए ऐसे मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई आवश्यक है।
हसीर मंसूरी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नाज़िया इलाही खान द्वारा की गई कथित टिप्पणियों से मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में तय समय-सीमा के भीतर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके तथा समाज में भाईचारा और कानून व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और इसके पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष एवं गंभीर जांच कर यदि आरोप प्रमाणित हों तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार तत्काल एफआईआर दर्ज कर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस दौरान फिरोज मुगल (पेंटर), शोएब शाह, सिराज पेंटर, साहिल मंसूरी, सोहेल, समीर मंसूरी, आरिफ कुरैशी सहित बड़ी संख्या में एआईएमआईएम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Shabd Agni
.