सिंहस्थ से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभा मंडप किया जा रहा नीचे
शब्द अग्नि / यासिर पठान इंदौर । आगामी सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विकास कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं। मंदिर प्रशासन द्वारा गर्भगृह के प्रवेश द्वार को चौड़ा करने के बाद अब सभा मंडप को लगभग डेढ़ फीट नीचे किया जा रहा है, ताकि दर्शन के दौरान भक्तों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पीछे खड़े भक्तों को भी होंगे दर्शन
मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान व्यवस्था में सभा मंडप की ऊंचाई के कारण पीछे खड़े भक्तों को भगवान गणेश के दर्शन करने में दिक्कत होती थी। इसी समस्या को दूर करने के लिए सभा मंडप का स्तर कम किया जा रहा है, जिससे लाइन में खड़े सभी श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन हो सकेंगे।
सिंहस्थ के कारण बदल रही व्यवस्था
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट के अनुसार, सिंहस्थ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर का चरणबद्ध तरीके से विकास किया जा रहा है। सभा मंडप को नीचे करने का कार्य शुरू हो चुका है और इसके बाद दर्शन हॉल सहित अन्य निर्माण कार्य भी किए जाएंगे।
प्रवेश द्वार होगा और भी सुगम
मंदिर प्रशासन ने बताया कि पहले चरण में गर्भगृह के प्रवेश द्वार को चौड़ा किया गया है। अब सभा मंडप में सुधार का काम चल रहा है, जिससे दर्शन व्यवस्था पहले से अधिक सुगम और व्यवस्थित हो जाएगी। विकास कार्य पूरे होने के बाद श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में भी बिना किसी बाधा के भगवान गणेश के दर्शन करने में सुविधा मिलेगी।
Author: Shabd Agni
.