पाटी बड़वानी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित सेफ क्लिक 2.0″* साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं डीएसपी (मुख्यालय) महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना पाटी पुलिस द्वारा मंडी प्रांगण, ग्राम बुदी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान आमजन को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, उनके विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, ऑनलाइन निवेश, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का सतर्क और जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। अभियान के दौरान उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी पाम्पलेट वितरित कर ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही समझाइश दी गई कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन, सीवीवी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी अज्ञात लिंक, संदिग्ध मैसेज या मोबाइल एप्लीकेशन पर क्लिक करने से बचें।
Author: Shabd Agni
.