बैंक अधिकारी बनकर ठग ने हासिल की निजी जानकारी, मोबाइल का एक्सेस लेकर खाली किया खाता
शब्द अग्नि / यासिर पठान इंदौर। शहर में साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामले में पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर एक 75 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से करीब 1.39 लाख रुपए उड़ा लिए गए। शिकायत के आधार पर लसूडिया थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेटेलाइट टाउनशिप निवासी अखिलेश गायकवाड़ के पास 15 जून की शाम एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक ऑफ इंडिया का अधिकारी बताते हुए कहा कि पेंशनधारकों के लिए विशेष पेंशन कार्ड जारी किया जा रहा है। चूंकि बुजुर्ग पहले इस कार्ड के लिए आवेदन कर चुके थे, इसलिए उन्होंने कॉल करने वाले की बात पर विश्वास कर लिया।
आरोपी ने प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर बैंक खाते, एटीएम कार्ड और अन्य निजी जानकारी ली। इसके बाद ऑनलाइन फोटो भी अपलोड कराई। कुछ ही देर में पीड़ित का मोबाइल ठग के नियंत्रण में चला गया और उनके खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 1.39 लाख रुपए निकाल लिए गए।
राशि कटने के मैसेज मिलने पर बुजुर्ग को ठगी का पता चला। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद लसूडिया पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी या मोबाइल एक्सेस साझा न करें।
Author: Shabd Agni
.