शब्द अग्नि / इंदौर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई करते हुए इंदौर क्राइम ब्रांच ने तीन युवकों को 36 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। कुल जब्ती की कीमत लगभग 4 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।
सुपर कॉरिडोर सर्विस रोड क्षेत्र
क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक बाइक पर सवार होकर सुपर कॉरिडोर सर्विस रोड क्षेत्र में ब्राउन शुगर की सप्लाई के उद्देश्य से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर काले रंग की पल्सर बाइक को रोककर तीनों संदिग्धों की तलाशी ली।
बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखी थी
जांच के दौरान बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 36 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मनिटा केवट उर्फ मणी उर्फ रियांशु निवासी न्यू रामनगर (बाणगंगा), आकाश कौशल निवासी शुभम नगर (स्कीम नंबर-51) तथा ऋषि यादव निवासी शुभम नगर के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि तीनों मजदूरी का काम करते हैं और नशीले पदार्थ की बिक्री के इरादे से घूम रहे थे।
क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को ब्राउन शुगर किस नेटवर्क के माध्यम से मिली और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
Author: Shabd Agni
.