VISITORS

0 1 5 4 9 9

July 6, 2026 12:06 am

+91 8878812345

Explore

Search

July 6, 2026 12:06 am

इंदौर : करंट की चपेट में आने से युवक की मौत

निर्माण कार्य में लापरवाही के आरोप

शब्द अग्नि इंदौर। देवास नाका स्थित एसआर कंपाउंड में शनिवार सुबह बिजली के खंभे में फैले करंट की चपेट में आने से 21 वर्षीय प्रमोद प्रजापति की मौत हो गई। वह अपने साथी सुनील सेन के साथ पैकेजिंग कंपनी में ड्यूटी पर जा रहा था।

एसआर कंपाउंड में अमृत योजना के तहत ड्रेनेज लाइन का निर्माण कार्य चल रहा था। सड़क खुदी होने के कारण दोनों पैदल निकल रहे थे। इसी दौरान गीली मिट्टी और पानी में पैर रखते ही प्रमोद करंट की चपेट में आ गया और बिजली के खंभे से चिपक गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बचाने की कोशिश में सुनील को भी करंट का झटका लगा, जबकि तीन अन्य लोगों के भी करंट की चपेट में आने की जानकारी है।

हादसे के बाद रहवासियों ने निर्माण एजेंसी की लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि खुदाई के दौरान डंपर की टक्कर से बिजली का खंभा झुक गया था, जिससे करंट फैल गया। हालांकि प्रोजेक्ट मैनेजर एस. प्रभु ने इस आरोप से इनकार किया है।

वहीं पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री मनेंद्र गर्ग ने बताया कि नगर निगम की जेसीबी से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने और केबल टूटने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

टीआई राजकुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है तथा हादसे में लापरवाही के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर