शब्द अग्नि / बालाघाट – शहर के एक होटल में परोसी गई कढ़ी में छिपकली मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न होटल एवं जलपान गृहों का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए तथा प्रकरण दर्ज किए गए।
प्रतिष्ठानों पर हुई कार्यवाही
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सबसे पहले मोती नगर स्थित धुवारे जलपान गृह पहुंची। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि घटना के बाद ही संचालक मंगलेश द्वारा होटल बंद कर दिया गया था।
इसके बाद वार्ड क्रमांक 32, मोती नगर स्थित गुरुकृपा होटल का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई एवं स्वच्छता संबंधी कई कमियां मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।
शिव मंदिर चौक, नर्मदा नगर स्थित लिल्हारे जलपान गृह के निरीक्षण में बिना खाद्य पंजीयन के खाद्य कारोबार संचालित किया जाना पाया गया। साथ ही परिसर में स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां भी मिलीं। इस पर बिना खाद्य पंजीयन एवं अस्वच्छता का प्रकरण तैयार किया गया।
खुले में पड़ा था सामान प्रकरण दर्ज
इसी क्रम में मेन रोड, सरस्वती नगर स्थित शक्ति नमकीन उद्योग एवं चाय-नाश्ता दुकान का निरीक्षण किया गया। यहां भी बिना खाद्य पंजीयन के खाद्य कारोबार संचालित किया जाना, खुले में खाद्य सामग्री का विक्रय तथा परिसर में गंदगी पाए जाने पर बिना खाद्य पंजीयन एवं अस्वच्छता का प्रकरण तैयार किया गया।
Author: Shabd Agni
.