शब्द अग्नि / एजाज मीर
इंदौर / भंवरकुआं इलाके में अज्ञात आरोपी एक हॉस्टल की पार्किंग से छात्रा का स्कूटर चुरा ले गए। वाहन चोरी की वारदात में जब फरियादी ने सीसीटीवी के फुटेज देखना चाहे तो पता चला कि फुटेज ही डिलीट कर दिए गए, जबकि कॉलोनी में लगे कैमरे में आरोपी दिखाई दिए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक वाहन चोरी की वारदात शिवमपुरी कॉलोनी में स्थित पीजी में 2 अगस्त की रात को हुई। पुलिस ने छात्रा निशा पिता धन्ना गुर्जर मूल निवासी मेघनगर, झाबुआ की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे मैंने अपना स्कूटर एमपी 45 एमटी 5081 शिवमपुरी की पार्किंग में खड़ा किया था। वह सुबह वाहन गायब मिला। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद पीजी में लगे कैमरों के फुटेज कथित तौर पर पीजी मालिक और वार्डन ने डिलीट कर दिए। इससे वाहन चोरी को लेकर महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रभावित होने की आशंका है। छात्रा ने पुलिस से फुटेज को तकनीकी माध्यम से रिकवर करने और संबंधितों से पूछताछ करने की मांग की है। छात्रा ने बताया कि कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी वाहन ले जाते दिखाई दे रहा है।
Author: Shabd Agni
.