परीक्षा 14 दिसम्बर रविवार को दोपहर 12 से 3 बजे तक होगी शहर के 44 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 17 हजार 72 परीक्षार्थी शामिल होंगे सभी परीक्षा केन्द्रों पर समुचित स्वच्छता एवं पेयजल की व्यवस्था करने के दिए निर्देश
शब्द अग्नि /इंदौर, मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा आयोजित खाद्य सुरक्षा अधिकारी परीक्षा 2025 की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त आयुक्त विकास श्री डी. एस. रणदा ने की। बैठक में बताया गया कि उक्त परीक्षा को सफलतापूर्वक संचालन हेतु इंदौर शहर में कुल 44 परीक्षा केन्द्र बनाये गए है, जहाँ कुल 17 हजार 72 परिक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा 14 दिसम्बर को दोपहर 12 से 3 बजे तक सम्पन्न होगी।
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी परीक्षा 2025 के संचालन का सम्पूर्ण प्रभार संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को सौंपा है और उन्हें परीक्षा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया है। संयुक्त आयुक्त श्री डी. एस. रणदा को सह प्रभारी परीक्षा अधिकारी एवं प्रो. डी. के. गुप्ता को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष एवं परीक्षा अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में प्रभारी परीक्षा अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परिक्षार्थियों को 11.15 बजे से ही प्रवेश दिया जाए। किसी भी परिक्षार्थियों को 11.45 बजे के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए। परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व परीक्षार्थियों को वहीं सेट प्रदान किया जाए जो उसके लिए निर्धारित है। परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षकों को मोबाईल रखना प्रतिबंधित है। नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही सभी परीक्षा केन्द्रों पर स्वास्थ्य व्यवस्था हेतु मेडिकल टीम सहित डॉक्टर आदि की व्यवस्था हो।
यह रहेगी छूट
- ई-प्रवेश पत्र
- वैध पहचान पत्र
- गोले बनाने हेतु निर्धारित स्याही का पेन
- पानी की पारदर्शी बाटल की अनुमति रहेगी
- दिव्यांगजन अभ्यर्थियों को सहलेखन लेने पर एक घंटे का अतिरिक्त समय मिलेगा
परीक्षा केन्द्रों पर निम्न वस्तुएं रहेगी प्रतिबंधित
स्टेशनरी संबंधी सामग्री जैसेः- पेंसिल, रबर (इरेजर) वहाइटनर, स्केल, बैग्स, पठन सामग्री । आई.टी. गैजेट्स व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसेः- मोबाइल फोन, पेनड्राइव, केल्कुलेटर, ब्लूटूथ, हैंडफ्री, डिजिटल घड़ी, स्मार्ट घड़ी, एनालॉग घड़ी, कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य कोई ऐसे उपकरण जो संचार उपकरण के रूप में उपयोग किए जाते है प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही एससेरीज जैसेः- बालों को बांधने वाले क्लचर / बक्कल, हाथ के बैड/हाथ में पहने जाने वाले मैटैलिक बैंड / चमडे के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बैल्ट, कफलींक धूप का चश्मा पर्स / वॉलेट, टोपी। अन्य वस्तुएँ जैसे- चाबी, लाइटर्स / माचिस बॉक्स, किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, शार्पनर ब्लेड तथा अन्य कोई कीमती सामान प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश निषिद्ध रहेगा।
Author: Shabd Agni
.
