इंदौर में 18 जनवरी से होने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए
शब्द अग्नि /इंदौर शहर में 18 जनवरी से होने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए 6.5 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया है। हालांकि, टिकट वितरण को लेकर प्रस्तावित नई व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यह राशि मध्यप्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) की प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में तय हुई है। एमपीसीए की सीडीसी में युवाओं के प्रतिनिधित्व पर भी चर्चा हुई। प्रदेश के विभिन्न जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संभागीय टीमों में अवसर दिलाने के लिए अब क्रिकेट विकास समिति (सीडीसी) पहल करेगी। इंदौर के होलकर स्टेडियम में एमपीसीए अध्यक्ष महान आर्यमन सिंधिया की अगुआई में प्रबंधकारिणी समिति की बैठक हुई। सीडीसी ने जिला क्रिकेट को मजबूत करने के लिए मानिटरिंग पर जोर दिया। अक्सर संभागीय टीमों में छोटे जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी जगह नहीं बना पाते हैं। अब सीडीसी ऐसे खिलाड़ियों पर नजर रखेगी और संभागीय संगठनों को इन्हें खिलाने का प्रस्ताव भी देगी। अंपायर कमेटी के सुझाव पर अब संभागीय मैचों में लाइट मीटर इस्तेमाल होंगे साथ ही महिला अंपायरों का पैनल बनाया जाएगा। इसके लिए परीक्षा की प्रक्रिया की जाएगी।
खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ सहित एमपीसीए के अधीन कर्मचारियों के वेतन-भत्ते बढ़ाने के प्रस्ताव भी चर्चा में आया। हालांकि कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। महिला क्रिकेटरों को पेंशन के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसके लिए नियम बनाए जाएंगे। इंफ्रास्ट्रक्चर कमेटी ने ग्वालियर स्टेडियम निर्माण के संदर्भ में जानकारी दी, जिन्हें स्वीकृत किया गया है। होलकर स्टेडियम में मैच के बाद मीडिया बॉक्स की लिफ्ट भी बदली जाएगी। यह मुकाबला मध्यप्रदेश में खेला जाने वाला 29वां अंतरराष्ट्रीय वनडे और होलकर स्टेडियम में आयोजित आठवां वनडे मैच होगा। इससे पहले होलकर स्टेडियम में 24 सितंबर 2023 को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे मुकाबला खेला गया था। भारत- न्यूजीलैंड के बीच यह मैच 2025-26 की द्विपक्षीय व्हाइट बॉल सीरीज का हिस्सा है। इस श्रृंखला में कुल 3 वनडे और 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। पहले वनडे सीरीज होगी, इसके बाद टी-20 सीरीज का आयोजन किया जाएगा। इंदौर के होलकर स्टेडियम में 18 जनवरी 2026 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले डे-नाइट वनडे मैच के लिए टिकटों की दरें तय कर दी गई है। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अनुसार इस मुकाबले के लिए सबसे सस्ता टिकट 800 रुपए, जबकि सबसे महंगा टिकट 7,000 रुपए रखा है। टिकट की कीमतें स्टैंड और गैलरी के अनुसार तय की गई हैं साउथ पवेलियन में लोअर फ्लोर के टिकट 5,500 रुपए, फर्स्ट फ्लोर 7,000 रुपए, सेकेंड फ्लोर 6,500 रुपए और थर्ड फ्लोर 5,000 रुपए रखे गए हैं। वहीं, ईस्ट और वेस्ट स्टैंड के टिकट 800 रुपए से 1,500 रुपए तक की श्रेणियों में उपलब्ध होंगे।
Author: Shabd Agni
.
